‘अनुपमा’ एक्टर ऋतुराज सिंह का निधन, 59 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
नई दिल्ली। टीवी इंडस्ट्री के जाने- माने अभिनेता ऋतुराज सिंह का निधन हो गया है। बीती रात कार्डिएक अरेस्ट के चलते उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। एक्टर के निधन की खबर से मनोरंजन जगत में शोक की लहर है।
59 साल के ऋतुराज सिंह पिछले काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। अस्पताल में उनका इलाज भी चल रहा था। एक्टर रिकवर भी हो गए थे, लेकिन अचानक आए कार्डिएक अरेस्ट ने उनकी जिंदगी छीन ली।
ऋतुराज सिंह का टीवी इंडस्ट्री में एक लंबा करियर रहा है। हाल ही में वो रुपाली गांगुली के हिट शो अनुपमा में नजर आए थे। इसके अलावा ऋतुराज सिंह, ‘अपनी बात’, ‘ज्योति’, ‘हिटलर दीदी’, ‘शपथ’, ‘वॉरियर हाई’, ‘आहट’, ‘अदालत’, ‘दीया और बाती’ जैसे तमाम हिट शोज में काम कर चुके हैं।
शाहरुख खान संग शुरू किया करियर
एक्टर ने अपने करियर की शुरुआत फिल्मों से की थी. लेकिन उन्हें फिल्मों से ज्यादा पॉपुलैरिटी टीवी की दुनिया से मिली. एक्टर ने आज से 35 साल पहले फिल्म इन व्हिच एनी गिव्स इट दोज वन्स फिल्म से अपने करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद वे बदरीनाथ की दुल्हनिया, सत्यमेव जयते 2 और यारियां 2 जैसी फिल्मों का हिस्सा रहे. इसके अलावा उन्होंने क्रिमिनल जस्टिस, बंदिश बैंडित, अभय और हे प्रभु जैसी वेब सीरीज में भी काम किया.
टीवी सीरियल्स से मिली पहचान
अपने तीन दशक से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने कई सारे पॉपुलर टीवी सीरियल्स में काम किया. इसमें बनेगी अपनी बात, तहकीकात, कहानी घर-घर की, दिया और बाती हम, हिटलर दीदी, बेइंतहा, सतरंगी ससुराल और ये रिश्ता क्या कहलाता है जैसे बड़े सीरियल्स शामिल हैं. वे कुछ समय पहले ही रूपाली गांगुली के पॉपुलर सीरियल अनुपमा से भी जुड़े थे. इस सीरियल में वे अहम रोल में नजर आए थे.
