International

अजरबैजान से रूस जा रहा विमान कजाकिस्तान में क्रैश, 40 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका

अस्ताना। अजरबैजान एयरलाइंस का एक यात्री विमान बुधवार को कजाकिस्तान में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा कजाकिस्तान के अक्टौ शहर के पास हुआ। विमान ने अजरबैजान से रूस के लिए उड़ान भरी थी।
इस विमान में 67 यात्री और पांच क्रू मेंबर शामिल थे। कजाकिस्तान के अधिकारियों ने 12 लोगों के बचने की जानकारी दी है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक विमान लैंडिंग के वक्त जमीन से टकरा गया और उसमें आग लग गई। हादसे के तुरंत बाद राहत-बचाव का काम शुरू किया गया।

कोहरे के कारण डायवर्ट हुआ रूट

हादसे में जिंदा बचे लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। अजरबैजान एयरलाइंस ने एक बयान जारी कर कहा है कि एम्ब्रेयर 190 एयरक्राफ्ट, जिसका फ्लाइट नंबर J2-8243 था, बाकू से चेचन्या के लिए निकला था।
लेकिन घने कोहरे के कारण विमान का रूट डायवर्ट करना पड़ा। कजाकिस्तान के अधिकारियों ने कहा कि वह घटना के हर संभव पहलू की जांच कर रहे हैं। माना जा रहा है कि हादसे के पीछे कोई तकनीकी गड़बड़ रही होगी।

रूस के 16 नागरिक थे सवार

  • प्लेन में अजरबैजान के 37, कजाकिस्तान के 6, किर्गिस्तान के 3 और रूस के 16 नागरिक सवार थे।
  • पांच चालक दल सहित 67 लोग विमान में मौजूद थे।
  • दुर्घटना स्थल पर 150 बचावकर्मी और 45 उपकरण तैनात हैं।
  • कजाकिस्तान के अक्तौ में विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है।
  • कजाकिस्तान आपातकालीन मंत्रालय के मुताबिक, अब तक 42 लोगों की मौत की आशंका
  • आपातकालीन नंबर जारी किए गए हैं: 87292319099

अस्पताल में रिजर्व किए गए बेड

मंगिस्टौ क्षेत्र के एक अस्पताल में सर्जरी और ट्रॉमा यूनिट में 30 बिस्तर और इंटेंसिव केयर यूनिट में 10 बेड रिजर्व किए गए हैं। वहीं क्षेत्रीय बाल अस्पताल में भी जनरल वार्ड में 20 और आईसीयू में 10 बेड रिजर्व करने को कहा गया है। 

अस्पताल में अभी तक 13 लोगों को भर्ती कराया गया है। वहीं 5 का आईसीयू में इलाज हो रहा है। चिल्ड्रेन अस्पताल के इमरजेंसी रूम में एक 11 वर्षीय बच्चे का इलाज हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *