तेहरान,   परमाणु समझौते पर विएना में अगले सप्ताह शुरू होने वाली अमेरिकी वार्ता से पहले ईरान ने नई शर्त रख दी हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अमेरिका ईरान पर लगे सभी प्रतिबंध हटाए, न कि उन्हें चरणबद्ध तरीके से हटाने का आश्वासन दे। वार्ता 2015 में अमेरिका समेत दुनिया के शक्तिशाली देशों के ईरान के साथ हुए परमाणु समझौते पर होनी है। ईरान के ताजा रुख से नाइत्तेफाकी जताते हुए फ्रांस ने उससे तनाव न बढ़ाने का अनुरोध किया है। कहा है कि ईरान वार्ता के प्रति सकारात्मक रुख दिखाए।

अमेरिका इस समझौते से 2018 में अलग हो चुका है। उसके बाद ईरान ने यूरेनियम संव‌र्द्धन का स्तर बढ़ा दिया है लेकिन परमाणु हथियार बनाने से वह अभी दूर है। अमेरिका में सत्ता बदलने के बाद राष्ट्रपति जो बाइडन ने ईरान के साथ परमाणु समझौते में फिर शामिल होने की इच्छा जताई है। इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए आगामी मंगलवार को ऑस्टि्रया की राजधानी विएना में अमेरिकी अधिकारियों की ईरान के अतिरिक्त समझौते में शामिल देशों- रूस, चीन, फ्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी के अधिकारियों से वार्ता होगी।

प्रतिबंधों को हटाने की चरणबद्ध प्रक्रिया पर ईरान ने जाहिर की असहमति 

शुक्रवार को वार्ता संबंधी खबर आने के बाद ईरान ने भी उस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया जताई थी। लेकिन शनिवार को ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सईद खातिबजादे ने प्रतिबंधों को हटाने की चरणबद्ध प्रक्रिया पर असहमति जाहिर कर दी। कहा कि अमेरिका ईरान पर लगाए अपने सारे प्रतिबंध हटाए। उन्हें धीरे-धीरे हटाने का कोई मतलब नहीं है।

फ्रांस के विदेश मंत्री जीन येस ली ड्रियन ने बताया है कि उन्होंने अपने ईरानी समकक्ष मुहम्मद जवाद जरीफ से फोन पर बात कर 2015 के परमाणु समझौते का अब और उल्लंघन न करने का अनुरोध किया है। वह ताजा बातचीत के प्रति सकारात्मक रुख दिखाए और पूरी दुनिया का विश्वास जीते।