Entertainment

महाभारत के शकुनी मामा गूफी पेंटल का 78 साल में निधन, मुंबई में ली अंतिम सांस

सोमवार की सुबह मनोरंजन जगत से एक और बुरी खबर सामने आई। टीवी सीरियल महाभारत में शकुनि मामा का किरदार निभाकर घर-घर में लोकप्रिय हुए अभिनेता गूफी पेंटल का निधन हो गया। दो दिन पहले एक्टर की तबीयत खराब होने की खबरें सामने आई थीं। गूफी पेंटल ने टीवी के अलावा कई फिल्मों में भी उल्लेखनीय भूमिकाएं निभायी थीं।

तीन दिन पहले अस्पताल में हुए थे भर्ती

शुक्रवार को एक्टर के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आई थीं। गूफी पेंटल के भतीजे हितेन ने उनकी सेहत के बारे में जाकारी भी दी थी। हितेन ने बताया था कि वेटरन एक्टर पहले से दिल और किडनी से संबंधित बीमारियों से जूझ रहे हैं। इन्हीं बीमारियों का वो इलाज करवा रहे हैं।

आज शाम 4 बजे होगा अंतिम संस्कार

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनका अंतिम संस्कार आज शाम 4 बजे मुंबई में ही होगा। एक हफ्ते पहले गूफी की तबीयत बिगड़ी थी। उस वक्त वे फरीदाबाद में थे। पहले उन्हें फरीदाबाद के एक हॉस्पिटल में एडमिट किया गया था। फिर हालत खराब होने पर उन्हें मुंबई ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था।

गूफी पेंटल ने कई शो में किया था काम

गूफी पेंटल के टीवी करियर की बात करें तो उन्होंने ‘महाभारत’ के अलावा मिसेज कौशिक की पांच बहुएं’, ‘कर्ण संगिनी’, ‘जय कन्हैया लाल की’ जैसे कई सीरियलों में काम किया। इसके अलावा कई हिंदी फिल्मों में भी किरदार निभाये, जिनमें ‘रफूचक्कर’, ‘दिल्लगी’, ‘देस परदेस’, ‘मैदान-ए-जंग’, ‘दावा’, ‘द रिवेंज: गीता मेरा नाम’ शामिल हैं।  गूफी ने 1975 में ‘रफूचक्कर’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *