नई दिल्ली।
HMD Global अगले हफ्ते भारत समेत दुनियाभर में Nokia G Series और Nokia X Series के मोबाइल्स लॉन्च करने वाली है। 8 अप्रैल को दुनियाभर में Nokia Launch Event होना है, जिसमें Nokia G10 और Nokia G20 के साथ ही Nokia X10 और Nokia X20 जैसे धांसू फोन लॉन्च होंगे। माना जा रहा है कि नोकिया एक्स सीरीज के मोबाइल्स बजट 5G सेगमेंट के फोन होंगे, वहीं नोकिया जी सीरीज के मोबाइल्स बजट और मिड रेंज में हो सकते हैं। खबर आ रही है कि 8 अप्रैल को भारत में Nokia G10 लॉन्च कर दिया जाएगा, जो कि बजट रेंज का फोन है।
भारत में क्या खास लॉन्च?
अगले हफ्ते 8 अप्रैल को शाम 7:30 भारतीय समयानुसार नोकिया लॉन्च इवेंट शुरू होगा, जिसके लिए नोकिया ने इनवाइट भेजना भी शुरू कर दिया है। उम्मीद की जा रही है कि लॉन्च डेट तक पता चल जाएगा कि नोकिया ब्रैंड के कौन-कौन से स्मार्टफोन्स भारत में लॉन्च होंगे और उनकी कीमत के साथ ही खासियत में क्या कुछ नया होने वाला है। फिलहाल अटकलों का बाजार गर्म है कि नोकिया भारत में सस्ता 5जी फोन लॉन्च करने वाली है और उसकी टक्कर शाओमी, मोटोरोला, रियलमी समेत अन्य कंपनियों के किफायती 5जी स्मार्टफोन्स से होगा।
क्या लॉन्च होगा Nokia G10 और Nokia G20?
बीते दिनों लीक रिपोर्ट में पता चला था कि जल्द ही भारत में नोकिया जी सीरीज के दो नए स्मार्टफोन Nokia G10 और Nokia G20 लॉन्च होगे, जिनमें कई खास खूबियां होंगी। नोकिया जी10 और नोकिया जी20 की संभावित खूबियों की बात करें तो इन दोनों मोबाइल्स में 6.4 इंच का डिस्प्ले हो सकता है। वहीं प्रोसेसर की बात करें तो नोकिया जी10 में ऑक्टा-कोर MediaTek Helio P22 SoC प्रोसेसर और नोकिया जी20 में MediaTek Helio G35 SoC प्रोसेसर हो सकता है।
नोकिया जी सीरीज के स्मार्टफोन्स को 3जीबी और 4 जीबी रैम के साथ ही 32 जीबी और 64 जीबी स्टोरेज ऑप्शन में लॉन्च कर सकती है। नोकिया के इन दोनों मोबाइल्स में क्वॉड रियर कैमरा हो सकता है, जिसका प्राइमरी सेंसर 48 मेगापिक्सल का होगा। वहीं इन दोनों फोन्स में 5000 एमएएच की बैटरी हो सकती है।
5जी कनेक्टिविटी के साथ Nokia X10 और Nokia X20?
नोकिया के अपकमिंग लॉन्च इवेंट में सस्ते 5जी मोबाइल्स भी लॉन्च हो सकते हैं, जो कि Nokia X10 5G और Nokia X20 5G के रूप में हो सकते हैं। नोकिया इन दोनों स्मार्टफोन्स को 15 से 25 हजार रुपये के रेंज में लॉन्च कर सकती है। हालांकि, स्पष्ट नहीं हो पाया है कि भारत में 8 अप्रैल को ये दोनों फोन लॉन्च होंगे या नहीं? फिलहाल इनकी खूबियों की बात करें तो ये दोनों Qualcomm Snapdragon 480 SoC प्रोसेसर से लैस होंगे और इन्हें 6 जीबी रैम के साथ ही 64 जीबी और 128 जीबी स्टोरेज ऑप्शन में लॉन्च किया जा सकता है।