National

सम्राट चौधरी ने पेश किया 3 लाख 17 हजार करोड़ का बजट, हुई कई बड़ी घोषणाएं

पटना। बिहार विधानसभा में आज राज्य की नीतीश सरकार ने वर्ष 2025-26 का बजट पेश किया। सम्राट चौधरी ने 3 लाख 17 हजार करोड़ का बजट पेश किया। बजट भाषण में उन्होंने कहा कि बिहार के बजट में इस बार वृद्धि हुई है। उन्होंने राज्य के निरंतर विकास के लिए सीएम नीतीश कुमार और पीएम मोदी का आभार जताया। सम्राट ने कहा कि पीएम मोदी ने बिहार को प्राथमिकता दी है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार का बजट 38 हजार करोड़ रुपये ज्यादा है। उन्होंने कहा कि रोजगार युक्त निवेश पर सरकार का फोकस है। बिहार में केंद्र की मदद से विकास हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि राजकोषीय घाटा 3 प्रतिशत करने की कोशिश है।

बजट से क्या-क्या मिला?

  • स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना – 1000 करोड़ रुपये
  • समाज कल्याण विभाग- 13,368 करोड़
  • ऊर्जा विभाग- 13,484 करोड़
  • ग्रामीण सड़क- 15,000 करोड़
  • स्वास्थ्य विभाग- 20,335
  • शिक्षा विभाग- 60,964

इसके पूर्व विधानसभा परिसर में महागठबंधन के नेताओं ने सदन पोर्टिको में जोरदार प्रदर्शन किया।

सदन में प्रदर्शन

विधानसभा में सोमवार को दूसरी पाली में राज्य सरकार ने अपना बजट पेश किया। इसके पहले पहली पाली में विपक्ष के विभिन्न सदस्यों ने अलग-अलग मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाए।

पेंशन बढ़ाने की मांग

प्रदर्शन करने वाले राजद सदस्यों की मांग थी कि राज्य सरकार विधवा एवं दिव्यांग पेंशन को प्रतिमाह 400 से बढ़कर 1500 रुपये करे। वहीं वामपंथी सदस्यों ने बनारस में सासाराम की बेटी से हुए दुष्कर्म के मामले को लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए।

इस दौरान प्रदर्शन कर रहे सदस्यों ने नीतीश सरकार से मौन तोड़ने की अपील की। जमुई में भी हुई दुष्कर्म की घटना के विरोध में प्रदर्शन करने वाले नेताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए।

परिवार के लिए है तेजस्वी की मां-बहिन योजना: ठाकुर

बिहार विधानसभा में चल रहे बजट सत्र को लेकर भारतीय जनता पार्टी के विधायक हरिभूषण ठाकुर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह चुनावी बजट नहीं है। 20 साल से ये सरकार बजट पेश कर रही है।

भाजपा के ही स्व. सुशील कुमार मोदी, तारकिशोर प्रसाद बजट पेश कर चुके हैं और आज सबके नेता सम्राट चौधरी बजट पेश करने वाले हैं। यह बजट 13 करोड़ जनता के हित को ध्यान में रखकर उनके कल्याण के लिए बनाया गया है। इसमें गांव है, गरीब है, महिला है, किसान है, युवा है, बुजुर्ग हैं। सबकी खुशहाली के लिए यह बजट बना है। योजनाओं को लेकर तेजस्वी यादव की ओर से सवाल खड़े किए जाने को लेकर ठाकुर ने कहा कि मां-बहिन योजना से उनका मतलब है कि उनकी मां सदन में नेता हैं।

बहन उनकी संसद में हैं। दो भाई एमएलए हैं। मां-बहिन योजना उनकी अपने परिवार को तुष्ट करने की योजना है। बिहार की जनता जानती है कि हमारा हित किसमें है और दुश्मन कौन है। इसी हिसाब से 2025 में निर्णय भी करेगी।

सम्राट चौधरी ने की पूजा

बिहार के उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य बजट 2025-26 पेश होने से पहले पूजा-अर्चना की। उन्होंने बजट की पहली प्रति अपने घर के मंदिर में रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *