Uttarakhand

देहरादून में घरेलू गैस कनेक्शनों की E-KYC की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 23 अगस्त तक मिलेगा मौका

देहरादून। जनपद देहरादून में घरेलू एलपीजी गैस कनेक्शनों की E-KYC प्रक्रिया तेजी से जारी है। भारत सरकार द्वारा E-KYC की अंतिम तिथि अब बढ़ाकर 23 अगस्त 2026 कर दी गई है। जिला प्रशासन ने सभी गैस उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपनी E-KYC पूरी कर लें।

जनपद देहरादून में कुल 7,16,845 घरेलू गैस कनेक्शन हैं। इनमें से अब तक 5,57,546 उपभोक्ता E-KYC पूरी कर चुके हैं, जबकि 1,59,299 उपभोक्ताओं की E-KYC अभी बाकी है। E-KYC नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं में 9,243 प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी शामिल हैं।

तीन तरीकों से कर सकते हैं E-KYC

घरेलू गैस कनेक्शन की E-KYC के लिए उपभोक्ताओं को तीन सरल विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। पहला, उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर E-KYC करा सकते हैं। दूसरा, गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी करने वाले डिलीवरी कर्मी के पास उपलब्ध मोबाइल एप और बायोमेट्रिक उपकरण के माध्यम से E-KYC पूरी की जा सकती है। तीसरा, संबंधित तेल विपणन कंपनी इंडेन, भारत गैस या एचपी गैस के अधिकृत मोबाइल एप को डाउनलोड कर उपभोक्ता स्वयं भी E-KYC कर सकते हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने सभी गैस उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी E-KYC अवश्य पूरी करा लें, ताकि उन्हें घरेलू एलपीजी सेवाओं का निर्बाध लाभ मिलता रहे।

23 अगस्त 2026 तक E-KYC नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के घरेलू गैस कनेक्शन की आपूर्ति बाधित हो सकती है और उन्हें गैस व्यावसायिक दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी। इसलिए उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द E-KYC की प्रक्रिया पूरी कर लें।