Uttarakhand

सीएम धामी ने सुनीं जनता की समस्याएं, शेर नाला पर 9.93 करोड़ की लागत से बने डबल लेन पुल का किया लोकार्पण

नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज जनपद नैनीताल के भ्रमण पर राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचे। हैलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, उत्तराखंड सरकार में विभिन्न दायित्वधारी, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में क्षेत्रीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए आम लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

शेर नाला पर 9.93 करोड़ की लागत से बने पुल का लोकार्पण

इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 993 लाख रुपये (9.93 करोड़ रुपये) की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।

शेर नाला के मानसून के दौरान उफान पर आने से क्षेत्रीय लोगों को लंबे समय से आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बारिश के दौरान मार्ग बाधित होने के कारण स्थानीय लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।

नवनिर्मित डबल लेन पुल के शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा। इससे स्थानीय जनता के साथ-साथ हल्द्वानी, चोरगलिया और सितारगंज क्षेत्र में आने-जाने वाले पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी। पुल के लोकार्पण पर क्षेत्रीय लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक लालकुआं डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।