Wednesday, June 24, 2026
Uttarakhand

जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों का धरना प्रदर्शन

प्रोन्नत वेतनमान में वेतन वृद्धि, अनिवार्य स्थानान्तरण में विधवा, तलाकशुदा शिक्षकों को मुक्त रखने जैसी सात लंबित मांगों को लेकर जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने तीसरे दिन बुधवार को भी शिक्षा निदेशालय ननूरखेड़ा में धरना दिया।

दोपहर बाद शिक्षा महानिदेशक बंशीधर तिवारी के साथ शिक्षक नेताओं की दूसरे दौर की वार्ता होगी। शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष रघुवीर सिंह पुंडीर व महामंत्री ठाकुर सिंह डसीला ने बताया कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ कल पहले दौर की वार्ता हुई उसमें शिक्षकों की लंबित मांगों पर सहमति है। अब बुधवार शाम को शिक्षा मंत्री इस बारे में अंतिम निर्णय लेंगे।

बताया कि बुधवार को भी शिक्षकों ने निदेशालय में धरना दिया। रघुवीर सिंह पुंडीर ने बताया शिक्षकों की मांग है कि वर्तमान सत्र में अनिवार्य स्थानान्तरण के तहत सुगम क्षेत्र के उच्चीकृत जूनियर हाईस्कूलों से शिक्षकों को हटाया तो जा रहा है, लेकिन दुर्गम से सुगम में आने के लिए इन विद्यालयों में पद रिक्त नहीं दिखाए गए हैं।

संगठन की ये है मांग

संगठन की मांग है कि इन विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति की जाए। शिक्षकों को वेतन में 17140 रुपये का लाभ दिए जाने के बाद उसकी वसूली की जा रही है उसे निरस्त किए जाने के संबंध में स्पष्ट आदेश जारी किए जाएं। प्रत्येक आर्दश विद्यालय में वरिष्ठ प्रधानाध्यापक का पद स्वीकृत किया जाए। वरिष्ठ और कनिष्ठ शिक्षकों की वेतन विसंगति को दूर किया जाए। सर्व शिक्षा में कार्यरत शिक्षकों का वेतन राज्य सेक्टर से आहरित किया जाए।

धरना देने बैठे शिक्षक

बता दें कि धरना स्थल पर भुवन चंद डिमरी, दिनेश नैनवाल, उमेश चौहान, भगत सिंह भंडारी, संजय बिष्ट, पवन सैनी, दिनेश चौहान, सूरज मुद्रवाल, भगत सिंह भंडारी आदि मौजूद रहे। शिक्षकों ने अपनी मांगें सरकार तक पहुंचाने के लिए नारे भी लगाए। अब देखना होगा कि प्रशासन शिक्षकों की मांगों को मानती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *