Uttarakhand

14 महिलाओं को तीलू रौतेली, 35 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को राज्य स्तरीय सम्मान

देहरादून। वीरांगना तीलू रौतेली के जन्मदिवस के अवसर पर  मुख्यमंत्री सेवक सदन, गढ़ी कैंट में राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली पुरस्कार (2025-26) एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री पुरस्कार (2025-26) समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रदेश की 14 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार और 35 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को राज्य स्तरीय आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने पुरस्कार विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए।

सभी पुरस्कार विजेताओं को 51-51 हजार रुपये की सम्मान राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि सम्मानित महिलाएं उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की नारी शक्ति के लिए अनुकरणीय उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को सशक्त, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। महिलाओं की प्रतिभा और उनके योगदान को सम्मान देने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए आवश्यक अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।